पौड़ी नगर की अपनी विशिष्ट भौगोलिक संरचना है, जिसके समक्ष एक लंबी पर्वत श्रृंखला और हिमालय चोटियों का सुस्पष्ट विहंगम दृश्य दिखाई देता है। यह पौड़ी नगर को तारामंडल व पर्वतीय संग्रहालय के संयुक्त निर्माण का आदर्श स्थल बनाता है। यह भविष्य में देश विदेश के खगोल विषय के जिज्ञासुओं का प्रिय डेस्टिनेशन बनेगा। बलूनी ने कहा कि भविष्य में ये दोनों संस्थान विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय होंगे। वे शैक्षिक भ्रमण के दौरान अपने अनेक कौतुहल व प्रश्नों का समाधान यहां प्राप्त करेंगे। साथ ही पौड़ी नगर में पर्यटन की गतिविधियां भी बढ़ेंगी। इस केंद्र को एक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए अन्य शैक्षिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस बहुउद्देशीय संस्थान में अतिथि गृह, जैव विविधता, नॉलेज पार्क व साइंस पार्क भी विकसित किया जाएगा।
उत्तराखंड राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस विषय में उत्साह दिखाया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से यथा संभव सहयोग किया जाएगा। इस परिसर में शैक्षिक, ज्ञानवर्द्धक और रोचक गतिविधियों के लिए राज्य सरकार की ओर से जो भी आवश्यकता होगी वह पूर्ण की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य का पहला और अखिल भारतीय स्तर पर भी अनूठा केंद्र होगा, जहां खगोल और भूगोल, इतिहास और संस्कृति से एक ही स्थान पर परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।