Feb 13, 2026

करीमनगर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभा का स्वर्ण पदक

post-img

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंटकर सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभा की उपलब्धियों को उत्तराखंड की मातृशक्ति का गौरव बताते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की सफलता विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे युवा पीढ़ी को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि सदैव मातृप्रधान रही है और पहाड़ की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। समय-समय पर प्रदेश की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन जैसे क्षेत्रों में देश-दुनिया को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली महिलाओं को राजकीय सेवा में अवसर देने की दिशा में भी प्रयास करेगी, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें। 43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया। 9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतिभा महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली चुनिंदा भारतीय महिला बॉडीबिल्डरों में शामिल हैं। उनकी उपलब्धि न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान करेगी, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलता का परचम लहराती रहें। इस कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।