अहमदाबाद। सोशल मीडिया पर मिलने वाले मुफ्त मनोरंजन और आकर्षक ऑफर्स का लालच किस कदर भारी पड़ सकता है, इसका ताजा उदाहरण अहमदाबाद में सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर फ्री मूवी देखने के चक्कर में एक 17 वर्षीय किशोर ने अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसकी कीमत उसकी मां को अपने बैंक खाते से 9.97 लाख रुपये गंवाकर चुकानी पड़ी। साइबर ठगों ने मोबाइल में एक संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल करवाकर फोन का एक्सेस हासिल किया और महिला की जीवनभर की जमापूंजी साफ कर दी। जानकारी के अनुसार, यह मामला शहर के वटवा इलाके का है। यहां रहने वाली 40 वर्षीय महिला घरेलू काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से 17 वर्षीय बड़ा बेटा अक्सर अपनी मां के मोबाइल फोन पर इंस्टाग्राम इस्तेमाल करता था। कुछ दिन पहले वह इंस्टाग्राम पर रील्स देख रहा था। इसी दौरान उसकी नजर एक रील पर पड़ी, जिसमें फ्री मूवी देखने के लिए 'vibedeck' नाम का एक लिंक दिया गया था। मुफ्त में फिल्म देखने के उत्साह में किशोर ने बिना कुछ सोचे-समझे उस लिंक पर क्लिक कर दिया।
लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में 'vibedeck' नाम की एक APK फाइल डाउनलोड हो गई। फाइल के फोन में आते ही मोबाइल अचानक हैंग होने लगा और कुछ देर बाद स्क्रीन पर अपने आप अपडेट की प्रक्रिया शुरू हो गई। फोन में आई इस तकनीकी गड़बड़ी को देखकर बेटे ने तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी। महिला ने जब फोन देखा तो वह सही से काम नहीं कर रहा था, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल को रिपेयरिंग के लिए दुकान पर दे दिया। कुछ दिनों बाद जब फोन ठीक होकर घर आया, तो महिला ने सामान्य रूप से अपना बैंक बैलेंस चेक किया। खाते की स्थिति देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनके बैंक खाते में पहले करीब 13 लाख रुपये जमा थे, लेकिन अब महज 3.47 लाख रुपये ही बचे थे। घबराई महिला ने तुरंत बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया, तो पता चला कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से कुल 9.97 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तत्काल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और ट्रांजेक्शन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान लिंक या थर्ड-पार्टी APK फाइल डाउनलोड करना सीधे तौर पर साइबर ठगों को अपने बैंक खाते की चाबी सौंपने जैसा है।

