देहरादून। उत्तराखंड अपने गठन के 26 गौरवशाली वर्ष पूरे करते हुए रजत जयंती के उल्लास में डूबा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को दी गई आत्मीय शुभकामनाएँ न केवल देवभूमि के प्रति उनके अगाध स्नेह को दर्शाती हैं, बल्कि कुछ वर्ष पूर्व केदारनाथ की पावन भूमि से कहे गए उनके उस ऐतिहासिक कथन कि "21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा" के धरातल पर साकार होने का जीवंत दस्तावेज भी हैं। प्रधानमंत्री का यह पत्र इस बात का प्रमाण है कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किस प्रकार उत्तराखंड के हर कोने को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने देवभूमि के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए राज्य की विकास यात्रा, धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण, मजबूत होती संपर्क सुविधाओं और पर्यटन के विस्तार की सराहना की। उन्होंने बाबा केदार के चरणों में किए गए अपने उस संकल्प को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेशवासियों का परिश्रम और संकल्प इस सोच को साकार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर क्षेत्र के समान विकास के लिए काम कर रही हैं। पिछले एक दशक में प्रदेश की सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं के साथ आधारभूत ढांचे का भी विस्तार हुआ है। कभी दुर्गम और दूरस्थ माने जाने वाले इलाके अब बेहतर सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब 890 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर केंद्र सरकार ने 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसके साथ ही 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना पर काम जारी है। प्रधानमंत्री ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया और कहा कि इसके निर्माण से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होगा। हवाई संपर्क के क्षेत्र में देहरादून हवाई अड्डे के विस्तार, पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के संचालन और पंतनगर हवाई अड्डे के विकास को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जिक्र किया। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमांत गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से इन क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय संस्कृति और रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखंड की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों होमस्टे स्थानीय परिवारों की आय के नए स्रोत बन रहे हैं। स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की अपेक्षा जताई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को देश का सांस्कृतिक हृदय बताते हुए राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की। प्रधानमंत्री के पत्र और देश के शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों तथा नेताओं के शुभकामना संदेशों ने स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और भविष्य की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनाया।

