Mar 13, 2026

आध्यात्मिक शांति और योग का मेल: गंगा रिसॉर्ट में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के लिए साधकों में उत्साह

post-img

देहरादून। उत्तराखंड की योग और आध्यात्मिक परंपरा को वैश्विक मंच पर और मजबूत करने के उद्देश्य से 16 से 22 मार्च तक सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से यह आयोजन जीएमवीएन गंगा रिसॉर्ट में किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन 16 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जबकि समापन 22 मार्च को राज्यपाल गुरमीत सिंह द्वारा किया जाएगा।

महोत्सव को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन ने बताया कि इस बार आयोजन को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी की गई है। अब तक करीब 1400 योग जिज्ञासुओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण करा लिया है, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी साधक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव में लगभग 25 योग स्कूलों के छात्र और योगाचार्य भाग लेंगे और विभिन्न योग सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधाओं से परिचित कराया जाएगा। महोत्सव के दौरान योग साधकों के लिए कई विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रतिभागियों को चौरासी कुटिया में हेरिटेज वॉक कराई जाएगी। यह स्थान महर्षि महेश योगी की साधना स्थली के रूप में प्रसिद्ध है और विश्वभर के योग साधकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित इस ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण प्रतिभागियों के लिए आध्यात्मिक और प्राकृतिक अनुभव को और समृद्ध करेगा। महोत्सव में योग सत्रों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि गढ़वाली लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई लोक कलाकार सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाएंगे। इसके अलावा महोत्सव में इस्कॉन नाइट का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय संगीत और भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महोत्सव के दौरान क्रॉस कंट्री रेस का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए योग जिज्ञासु और प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। आयोजकों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां योग के साथ-साथ फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।