Apr 29, 2026

चयन आयोग की बड़ी कार्यवाही: 3 मई की प्रस्तावित तकनीकी परीक्षा रुकी, 57 पदों पर होनी थी भर्ती

post-img

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आयोग ने आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष तकनीकी अर्हता (विभिन्न विभाग) की भर्ती परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश के उन हजारों अभ्यर्थियों को जोर का झटका लगा है, जो पिछले काफी समय से इस परीक्षा की तैयारी में जुटे थे।

आयोग द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह परीक्षा समूह ‘ग’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों में रिक्त 57 पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित की जानी थी। परीक्षा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में थीं, लेकिन अंतिम समय में इसे टालने का निर्णय लिया गया। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट तौर पर उन कारणों का खुलासा नहीं किया है जिनकी वजह से यह परीक्षा स्थगित की गई है। आयोग के सचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि परीक्षा की अगली तिथि की घोषणा जल्द ही की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों से बचें और नवीनतम अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। परीक्षा स्थगित होने की खबर मिलते ही अभ्यर्थियों में मायूसी देखी जा रही है। कई अभ्यर्थी दूर-दराज के इलाकों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की तैयारी कर चुके थे। अब उन्हें नई तिथि के लिए दोबारा इंतजार करना होगा। जानकारों का मानना है कि प्रशासनिक कारणों या परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं के चलते यह निर्णय लिया गया हो सकता है।