गंगोलीहाट। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विवेकानंद इण्टर कॉलेज में 'सुरक्षित बचपन अभियान' के अंतर्गत एक शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन द्वारा की गई। इस अवसर पर सिविल जज द्वारा छात्र-छात्राओं को 'सुरक्षित भविष्य' एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कक्षा 06 से 08 तक के बच्चों को "अपने अधिकार जानो" और कक्षा 09 से 12 तक के बच्चों को "कानून को जानो, अपने भविष्य को सुरक्षित बनाओ" के संबंध में विस्तार से समझाया। इसके अतिरिक्त, शिविर में उपस्थित लोगों को 'सुरक्षित बचपन अभियान' की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक गंगोलीहाट अकील सिद्दीकी द्वारा बच्चों को यातायात नियमों से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में अधिवक्ता बार संघ के सचिव मनोज सिंह रावल, अधिवक्ता निशा, न्यायालय के पेशकार संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह ऐर, कोर्ट मोहरिर मनोज कुमार भट्ट, पीआरडी जवान विनोद कुमार एवं विवेकानंद इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा लगभग 250-300 स्कूली छात्र-छात्राएं और जनता के लोग उपस्थित रहे।

