उत्तराखंड में रिक्त हो रही एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने हरिद्वार जिले के रुड़की की रहने वाली डॉ. कल्पना सैनी को अपना उम्मीदवार बनाया है। डॉ. सैनी वर्तमान में उत्तराखंड राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष हैं।
उनके राज्यसभा सांसद चुने जाने पर वह हरिद्वार जिले की पहली राज्यसभा सांसद होंगी।
डॉ. सैनी का पूरा परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा रहा है। इनके पिता डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित दो बार रुड़की विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे उत्तर प्रदेश में मंत्री भी रहे हैं। इनके पति डॉ. नाथी राम सैनी भी संघ के प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं। वे वर्तमान में सहारनपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी हैं।
डॉ. सैनी 1995-2000 तक रुड़की नगर पालिका की नामित सभासद रही हैं। वह भाजपा के अनुशासन समिति की प्रदेश सचिव थी। इसके अलावा इन्होंने रुड़की, हरिद्वार जिला सहित प्रदेश स्तर पर पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर कार्य किया है।
डॉ. कल्पना सैनी पिछले विधानसभा चुनाव में रुड़की से टिकट की प्रबल दावेदार भी थीं लेकिन पार्टी ने उन्हें तब विधानसभा का टिकट नहीं दिया था। पार्टी उन्हें अब राज्यसभा भेज रही है।