देहरादून। प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार उपर जा रहा है। आए दिन सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं जबकि कई लोगों को चोटिल होना पड़ता है। यातायात नियमों की अनदेखी कहें या फिर बदहाल सड़कें जो भी हादसों का ग्राफ बढ़ते ही जा रहा है। राजधानी दून के विकासनगर में हाजा दसोऊ मार्ग पर देर रात एक कार खाई में गिर गयी। बताया जा रहा है कि हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार हाजा दसोऊ मार्ग पर एक वाहन सड़क दुर्घटना ग्रस्त हो गया है। जिसमें पांच लोग सवार थे। सूचना पर थाना उपनिरीक्षक नीरज सिंह मय पुलिस बल के घटनास्थल के लिए रवाना हुए। वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ लगी थी। घटना की जानकारी ली गई तो पता चला कि एक बलेनो कार बिस्सू मेले से वापस हाजा दसोऊ जा रही थी। इस दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों, एसडीआरएफ, थाना पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा रेस्क्यू चलाकर वाहन सवार लोगों को मुख्य सड़क पर लाया गया। उनमें से दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी अन्य तीन घायल हुए। घायलों को उपचार उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल भेजा गया।