Feb 07, 2026

पर्यटन विकास और सामरिक तैयारी पर केंद्रित उत्तराखंड का एविएशन रोडमैप

post-img

देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश में हेली कनेक्टिविटी को बेहतर किए जाने को लेकर तमाम प्रयास कर रही है। इसी तरह में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य के उत्तरकाशी जिले स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी और चमोली जिले में स्थित गौचर हवाई पट्टी को लेकर, भारतीय वायु सेवा,रक्षा मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के बीच एग्रीमेंट होने जा रहा है। इस एग्रीमेंट के तहत हवाई पट्टियों को ज्वाइंट रूप से नागरिक एवं सैन्य संचालन के लिए एडवांस लैंडिंग ग्राउण्ड (एएलजी) लीज के आधार पर रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को ट्रांसफर किया जाएगा। जिससे भविष्य में देहरादून से इन दोनों हवाई पट्टियों को फिक्स्ड विंग के जरिए जोड़ना आसान हो जाएगा। 

राज्य सरकार प्रदेश में हेली कनेक्टिविटी को बढ़ाए जाने पर जोर दे रही है। जिसके तहत नागरिक उड्डयन विभाग, प्रदेश में नए पर्यटन और धार्मिक स्थानों तक हेली सेवाएं शुरू करने की तैयारी में जुटा हुआ है। इस योजना के धरातल पर उतरने से न सिर्फ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि आपदा के दौरान भी राहत बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही विभाग उन क्षेत्रों पर विशेष फोकस कर रहा है जहां सड़क मार्ग से पहुंचने में काफी समय लगता है। आपदा की वजह से आवाजाही बाधित हो जाती है। वर्तमान समय में नागरिक उड्डयन विभाग,अल्मोड़ा पौड़ी और चंपावत जिले को हेली कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए विशेष फोकस कर रही है। नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव सचिन कुर्वे ने कहा चिन्यालीसौड़ और गौचर में एडवांस लैंडिंग हवाई पट्टियां हैं. उसको एयरफोर्स और रक्षा मंत्रालय के साथ जल्द ही एग्रीमेंट करने जा रहे हैं। जिस पर मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे रक्षा मंत्रालय के जरिए चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों को अगले 30 सालों के लिए लीज पर दी जाएंगी। जिसके तहत एटीसी सुविधा, सीएनएस सुविधा टैक्सी वे, रन वे का ऑपरेशन मेंटेनेंस एयरफोर्स देखेगा। इसके साथ ही यहां के सिविल टर्मिनल बिल्डिंग्स का रखरखाव और ऑपरेशनल मेंटेनेंस राज्य सरकार देखेगी। उन्होंने कहा ये एक यूनिक एग्रीमेंट होने जा रहा है, जो ज्वाइन फंक्शनल यूज़ के रूप में होगा। इस एग्रीमेंट के बाद इन दोनों हवाई पट्टियों का इस्तेमाल, हेली कनेक्टिविटी के साथ ही सामरिक दृष्टि के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। भारतीय एयरफोर्स की ओर से इन दोनों हवाई पट्टियों पर एटीसी और सीएनएस की सुविधा दी जाएगी, उससे देहरादून से यहां की हेली कनेक्टिविटी में काफी सुधार आएगा। इसके अलावा वर्तमान समय में देहरादून से चिन्यालीसौड़ और देहरादून से गौचर को हेलीकॉप्टर के जरिए जोड़ा गया है। भविष्य में इन रुट्स को फिक्स्ड विंग के जरिए जोड़ने में आसानी रहेगी।