नई दिल्ली। राजीव कुमार भारत के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे वह सुशील चंद्रा की जगह लेंगे, जिस संबंध में जानकारी देते हुए केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा की राजीव कुमार 15 मई 2022 से मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। वह 15 मई से मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालेंगे। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट किया, “संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (2) के अनुसरण में, राष्ट्रपति ने राजीव कुमार को 15 मई 2022 से मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त करते हुए प्रसन्न हैं। राजीव कुमार को मेरी शुभकामनाएं।
कौन हैं नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार
राजीव कुमार बिहार/झारखंड कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जो फरवरी 2020 में भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं। इसके अलावा राजीव कुमार ने भारतीय रिजर्व बैंक,एसबीआई, नाबार्ड के केंद्रीय बोर्ड के निदेशक के रूप में भी काम किया है। इसके साथ ही राजीव कुमार आर्थिक खुफिया परिषद (ईआईसी) के सदस्य, वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद (एफएसडीसी) के सदस्य भी रहे हैं। इसके अलावा बैंक बोर्ड ब्यूरो (बीबीबी) के सदस्य, और ऐसे कई अन्य बोर्डों और समितियों के बीच वित्तीय क्षेत्र नियामक नियुक्ति खोज समिति (एफएसआरएएससी) के भी सदस्य रहे हैं।